मारपीट के आरोपियों से होमगार्ड ने मांगे रुपये, वीडियो वायरल, एसएसपी ने कमांडेंट को लिखा पत्र
मारपीट के आरोपी तीन युवकों से जमानत के बाद होमगार्ड द्वारा रुपये मांगने का वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ।
एसएसपी कलानिधि नैथानी के मुताबिक, वीडियो में होमगार्ड विश्राम प्रजापति की संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं हैं। इसके आधार पर होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिखा गया है।
आरोपी होमगार्ड की ड्यूटी भविष्य में पुलिस के साथ नहीं लगाए जाने को भी कहा गया है। वायरल हुए वीडियो में होमगार्ड विश्राम प्रजापति 50 रुपये लेते हुए नजर आ रहा है।
पुलिस के मुताबिक, विकासनगर में बृहस्पतिवार देर रात दो गुटों में मारपीट हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया था।
शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से जमानत मिल गई। तीनों बाहर निकले तो गैलरी में होमगार्ड व सिपाही मौजूद थे।
होमगार्ड विश्राम प्रजापति ने युवकों से खर्चे के लिए रुपये की मांग की। इसका वीडियो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बना लिया।
वीडियो के अनुसार, दोनों पक्षों में काफी देर तक तोल-मोल भी हुआ। रुपये मिलने पर होमगार्ड ने सिपाही की तरफ देखा। सिपाही ने इशारा किया तो होमगार्ड विश्राम प्रजापति रुपये जेब में रखकर चला गया।