गरीबों को सस्ते आवास उपलब्ध कराने के लिए शहर में पीएम आवास योजना के तहत किफायती आवास बनेंगे। इससे करीब तीस हजार की आबादी को फायदा होगा।
इसके लिए शहर में चार स्थानों पर जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसके साथ ही शहर में दर्जनभर मलिन बस्तियां भी चिह्नित कर ली गई हैं, जहां पर आवास बनाए जाएंगे।
सूडा ने आवास बनाने की पूरी कार्ययोजना तैयार कर ली है और जमीन और बस्तियों के सर्वे का काम भी शुरू कर दिया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना में मलिन बस्तियों का री-डेवलपमेंट और किफायती आवास बनाए जाने का भी प्रावधान है।
इसके तहत मलिन बस्तियों में रहने वालों को दूसरी जगह विस्थापित करने के बजाय वहीं पर उनको मकान बनाकर दिए जाने की योजना पर काम शुरू किया गया है। इसका खर्च भी उन्हें नहीं उठाना पड़ेगा।
यह खर्च योजना के तहत दिए जाने वाली छूट की सब्सिडी और बस्ती की अतिरिक्त जमीन का व्यावसायिक इस्तेमाल से निकाला जाएगा। योजना के तहत जो मकान मलिन बस्तियों में बनेंगे उनका आवंटन उन्हीं लोगों को होगा जो वहां पर निवास कर रहे हैं।