चारबाग रेलवे स्टेशन पर हिमगिरी एक्सप्रेस के 20 घंटे लेट होने पर मंगलवार को यात्री बिफर गए। यात्रियों ने हंगामा करने के बाद यात्रा रद्द करके किराया वापस लिया। टिकट वापसी के दौरान भी काउंटर पर कहासुनी हुई।
जम्मू से चलकर सुल्तानपुर और वाराणसी होकर हावड़ा को जाने वाली हिमगिरी एक्सप्रेस के चारबाग स्टेशन पर पहुंचने का समय अपराह्न 3:20 बजे है। इस ट्रेन के अचानक 20 घंटे लेट होने से यात्री सकते में आ गए।
छठ पर्व पर वाराणसी की ओर जाने वाले यात्रियों ने चारबाग स्टेशन पर हंगामा शुरू कर दिया। बुधवार सुबह चार बजे हिमगिरी के आने की संभावना को देखते हुए यात्री टिकट वापस करने को लेकर अधिकारियों के कक्ष में पहुंच गए।
टिकट वापसी की प्रक्रिया शुरू हुई तो मामला शांत हुआ। वहीं बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के इंजन बदलने के दौरान कपलर न खुलने के कारण चारबाग स्टेशन पर काफी देर तक यह ट्रेन खड़ी रही।
जबकि वाराणसी-सुल्तानपुर रेलखंड पर श्रमजीवी एक्सप्रेस के इंजन में तकनीकी खराबी आने से दो घंटे तक ट्रेन खड़ी रही जिससे हंगामा हुआ।
दिल्ली से बिहार की ओर जाने वाली बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस सोमवार देर रात जब चारबाग स्टेशन पहुंची तो यहां पर इस गाड़ी का इलेक्ट्रिक इंजन बदलकर डीजल इंजन लगाया जाना था।
लेकिन इंजन का कपलर नहीं खुल पाने से यह ट्रेन भी एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। वहीं सिग्नल फेल होने से साबरमती, किसान एक्सप्रेस सहित कई अन्य ट्रेनों को स्टेशन एवं आउटरों पर रोक कर कॉशन दे धीमी गति से निकाला।