पर्वतीय समाज ने उठाई एक्सप्रेसवे व उत्तराखंड भवन के संचालन की मांग
लखनऊ। पर्वतीय समाज के हितों और समग्र विकास को लेकर भारतीय पर्वतीय महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लोक भवन में भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय विकास, सांस्कृतिक संरक्षण एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी पांचवें वार्षिक उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनुपम सिंह भंडारी ने बताया कि यह वार्षिक उत्सव पर्वतीय संस्कृति, लोक कला और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा। इस दौरान लखनऊ–हल्द्वानी प्रस्तावित गोमती एक्सप्रेसवे के शीघ्र निर्माण की मांग भी उठाई गई। नंदग्राम (गाजियाबाद) स्थित उत्तराखंड भवन के संचालन एवं प्रबंधन को लेकर भी ज्ञापन दिया जिसमें संयुक्त प्रबंधन समिति के गठन व पारदर्शी बुकिंग व्यवस्था की मांग रखी गई। इस दौरान पान सिंह भंडारी, दया कृष्ण डालाकोटी, दिनेश उप्रेती व अन्य सदस्य मौजूद रहे। डॉ. अनुपम सिंह भंडारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।