उच्च शिक्षा परिषद भवन का निरीक्षण करते मंत्री।
लखनऊ। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बुधवार को आशियाना में निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने उच्च शिक्षा निदेशालय के नवनिर्मित कैंप कार्यालय का लोकार्पण भी किया। मंत्री ने भवन निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा एमपी अग्रवाल के साथ निरीक्षण किया। उपाध्याय ने कहा कि यह भवन प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी व आधुनिक बनाएगा। नई शिक्षा नीति-2020 के तहत सरकार विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं बढ़ा रही है। राज्य उच्च शिक्षा परिषद का भवन नीति निर्माण और अनुसंधान को नई गति देगा। कैंप कार्यालय विभागीय कार्यों के संचालन में सुगमता लाएगा। इससे शासन, निदेशालय और विश्वविद्यालयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। सचिव अमृत त्रिपाठी, बीएल शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।