सरोजनीनगर। बंथरा इलाके में शनिवार की देर रात तेज रफ्तार कार आगे जा रहे टैंकर में घुस गई। इस हादसे में कार सवार परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर टीआई कृष्णानगर और उनकी टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
कानपुर के आर्य नगर निवासी प्रियांशु गुप्ता शनिवार को अपनी कार से पत्नी राधिका, बहन मानसी, संस्कृति और सार्थक के साथ अयोध्या दर्शन करने गए थे। कार वह खुद चला रहे थे। रात को घर लौटने के दौरान बंथरा क्षेत्र में कानपुर रोड स्थित पिलर संख्या पी-64 के पास आगे जा रहे टैंकर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी, जिससे प्रियांशु की कार उसमें घुस गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के एक तरफ का अगला हिस्सा उड़ गया था, वहीं कार के आगे के दरवाजे भी लॉक हो गए थे। प्रियांशु और उनकी पत्नी दोनों उसी में फंस गए। चीख-पुकार सुनकर लोग मदद के लिए दौड़े। रात ड्यूटी पर लगे टीआई शावक कुमार सिंह और उनकी टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद लोगों की मदद से किसी तरह कार का दरवाजा तोड़कर प्रियांशु और उनकी पत्नी राधिका को बाहर निकाला गया। राधिका के दोनों पैरों में काफी चोटें थीं, वहीं प्रियांशु भी खून से लथपथ थे। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां प्रियांशु की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह के मुताबिक प्रियांशु के घरवाले उन्हें इलाज के लिए कानपुर के अस्पताल ले गए हैं। थाने में मामला दर्ज किया गया है।
हादसे में क्षतिग्रस्त कार।