पीड़िता के अनुसार, वह पहली बार वर्ष 2024 में यूपी पुलिस की तैयारी करने लखनऊ आई थी। वह नौकरी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात राहुल और कमर हयात इदरीसी से हुई। दोनों ने उन्हें स्पा सेंटर में काम दिलवा दिया। इसके बाद उनकी नजदीकियां राहुल से बढ़ गईं। राहुल अक्सर उन्हें अपने कमरे पर बुलाता था। आरोप है कि राहुल ने एक दिन अपने कमरे पर उन्हें बीयर पिलाई। नशे में हो जाने पर उनका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि राहुल उन्हें होटल में लेकर गया। वहां राहुल ने आधार कार्ड दिया, जिस पर माे. कमरु जमाल लिखा था। यह देखकर उन्होंने विरोध जताया। इस पर आरोपी टालमटोल करने लगा। नाराज होकर वह वहां से चली गईं। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि आरोपी अन्य लड़कियों के साथ भी यही करता है। वह अपना धर्म छिपाकर दोस्ती करता है और फिर लड़कियों को ब्लैकमेल करने लगता है। आरोपी अन्य युवतियों के साथ रहता है और पीड़िता को उसने छोड़ दिया है।
हिंदू संगठनों ने जताया विरोध
मामले की जानकारी होने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारी गोमतीनगर थाने पहुंचे और विरोध जताया। संगठनों के दबाव में पुलिस ने पीड़िता का केस दर्ज किया। आरोप है कि आरोपी बाराबंकी, सीतापुर, नेपाल बॉर्डर और अन्य शहरों की लड़कियों को झांसे में लेता है। इसके बाद उन्हें अलग-अलग स्पा सेंटर में काम पर लगा देता है। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार तिवारी का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पीड़िता का बयान दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।