हीरो कंपनी में अप्रेंटिसशिप के 200 पदों पर होगी भर्ती
लखनऊ। अलीगंज स्थित राजकीय प्रौद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में सोमवार को कैंपस ड्राइव लगेगा। हीरो मोटर्स कंपनी अप्रेंटिसशिप के 200 पदों पर आईटीआई पास विद्यार्थियों का चयन करेगी। चयनित विद्यार्थियों को करीब 24 हजार रुपये महीने का वेतन मिलेगा।
आईटीआई प्लेसमेंट अधिकारी एमए खान ने बताया कि हीरो कंपनी हरिद्वार, उत्तराखंड प्लांट के लिए युवाओं का चयन कर रही है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड के बाद अब लखनऊ में भी कैंपस ड्राइव लगा रही है। यहां साल 2022 -24 सत्र में आईटीआई पास 26 साल उम्र तक के युवाओं का साक्षात्कार लिया जाएगा। चयनित युवाओं को तय वेतन के साथ, दोपहर का खाना, यूनिफार्म व मेडिकल सुविधा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कैंपस ड्राइव में शामिल होने वाले युवाओं को पहले हीरो कंपनी के अप्रेंटिसशिप पोर्टल पर पंजीकरण कराना जरूरी है। इच्छुक अभ्यर्थी आईटीआई परिसर में सुबह 10 बजे से दस्तावेज के साथ कैंपस ड्राइव में शामिल हो सकते हैं।