लखनऊ। हेपेटाइटिस-सी के मरीजों का इलाज अब 12 की जगह आठ सप्ताह में पूरा होने की उम्मीद जगी है। हाल में 880 मरीजों पर हुए एक अध्ययन में पाया गया कि आठ सप्ताह तक दी गई सोफोसबुविर-वेलपाटासविर दवा से 98.8 फीसदी मरीजों में संक्रमण पूरी तरह ठीक हो गया। वहीं, 12 सप्ताह तक इलाज लेने वाले मरीजों में यह दर 99 फीसदी रही। यानी दोनों अवधि के इलाज के परिणामों में मामूली अंतर रहा।
अध्ययन के नतीजे प्रतिष्ठित चिकित्सा जर्नल द लैंसेट में प्रकाशित हुए हैं। अभी हेपेटाइटिस-सी के उपचार में सोफोसबुविर-वेलपाटासविर सामान्य तौर पर 12 सप्ताह तक दी जाती है। यह दवा महंगी होने के कारण उपचार की अवधि चार सप्ताह कम होने से मरीजों के खर्च में भी कमी आ सकती है।
लखनऊ के संस्थानों की रही अहम भूमिका
अध्ययन में एसजीपीजीआई, केजीएमयू, बीएचयूएमएस, एम्स नई दिल्ली और जीबी पंत अस्पताल के 880 मरीज शामिल किए गए। पांचों संस्थानों के विशेषज्ञों ने अध्ययन का नेतृत्व किया। शोध का सांख्यिकीय विश्लेषण लखनऊ स्थित केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान के डॉ. आशीष अवस्थी ने किया। अध्ययन को आईसीएमआर-स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग से 1.65 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मिली।