यूपी के गोंडा में बाढ़ से बुरे हालात हैं। बाढ़ के चलते एल्गिन-चरसडी बांध की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। बांध को बचाने के लिए बनाए गए छह स्परों में तीन का आधा हिस्सा कट कर नदी में समा गया।
घाघरा की धारा 100 मीटर दूर थी। अब बाढ़ का पानी बांध से सट कर बहने लगा है। इससे बांध कभी भी कट सकता है। घाघरा की कटान के आगे प्रशासन की सारी कवायदें फेल हो गईं। बांध की रक्षा अब भगवान भरोसे है।
घाघरा की धारा बाराबंकी की ओर से गोंडा जिले के कछार पर बसे गांवों की ओर मुड़ गई है। बनाए गए स्पर नदी में समाते जा रहे हैं। प्रशासन ने बांध कटने का संकेत देते हुए हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
बाढ़ के चलते तीन गांवों को खाली कराया गया है। कटान होने से परसावल गांव का प्राइमरी स्कूल नदी में समा गया है। सोमवार को घाघरा ने उग्र रूप धारण कर लिया। पहाड़ों से आए पानी से उफनाई घाघरा अब एल्गिन-चरसड़ी बांध से जबरदस्त तरीके से टकराने लगी है।