यूपी के राजस्व और राहत आयुक्त संजय कुमार ने कहा है कि 40 से 50 लोगों की मौत होने की खबर है। आगरा में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर ही पीड़ितों को राहत मुहैया कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को आदेश जारी कर कह दिया गया है कि आंधी-तूफान के कारण जहां जो भी नुकसान हुआ है, उसके लिए तत्काल राहत कार्य शुरू करें। उन्होंने जनहानि, पशुहानि, फसल हानि का आंकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तीन मई को ही उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
आंचलिक विज्ञान केंद्र लखनऊ क़े निदेशक जेपी गुप्ता ने कहा है कि अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के उत्तरी इलाकों और उत्तर पश्चिमी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज धूल भरे अंधड़ और बारिश का दौर रुक-रुक कर जारी रहेगा।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही और आंशिक आंधी की संभावना है। निदेशक ने बताया कि पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके अलावा राजस्थान के ऊपर चक्रवातीय दबाव भी सक्रिय है। इसी का असर प्रदेश में है।