लखनऊ। मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर खुले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की जगह आवंटन में गड़बड़ी हुई है। होटल-दुकान व संकरी गली में खोले गए केंद्र पर मरीज तक नहीं आ रहे हैं। सीएमओ ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है। कमेटी ने साेमवार को केंद्रों का निरीक्षण करके हकीकत को परखा। जो केंद्र गलत जगह पर खुले हैं, उनके स्थान बदले जाएंगे।
त्रिवेणी जन आरोग्य मंदिर को दुकान में खुलवा दिया गया है। इससे पहले जन आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य विभाग के एक डॉक्टर की ससुराल में संचालित हो रहा था। शिकायत के बाद बीते साल अफसरों ने नोटिस देकर बिल्डिंग को बदला था। अफसरों ने त्रिवेणी नगर फर्स्ट में खुली परचून की दुकान में जन आरोग्य मंदिर खुलवा दिया। यहां पर मरीजों की ओपीडी का ग्राफ भी कम था।
इसी तरह संजय गांधीपुरम में खुला केंद्र भी होटल के आधे हिस्से में खुला है। जबकि अंबरगंज की बजाए महबूगंज की संकरी गली में केंद्र खुला है। टीबी हॉस्पिटल के नजदीक होने से यहां पर मरीज तक नहीं आते हैं। इस मसले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। जिसके बाद हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कराई है। कमेटी बनाकर तीनों केंद्राें का निरीक्षण कराया गया। पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर सीएमओ को सौंपी जाएगी। जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है गलत जगह खुले केंद्रों क स्थान बदला जाएगा। मामले की जांच कराई जा रही है।