सुबह करीब आठ बजे रेलवे स्टेशन के सामने रोड पर एक गोवंश के बच्चे का कटा सिर पड़ा मिला। देखते ही देखते हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों का जमावड़ा लग गया। सभी ने गोवंश के बच्चे की हत्या कर सिर रोड पर फेंकने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंची।
लेकिन आक्रोश बढ़ता देख एसपी भी मौके पर पहुंच गए। गो सेवा समिति के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य जयदीप राजपाल ने आरोप लगाया कि शहर में कुछ लोग काफी समय से पुलिस की मिलीभगत से वध प्रतिबंधित मवेशियों का तस्करी का काम कर रहे हैं। इसपर एसपी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गोवंश का सिर सड़क पर फेंकने वालों को चिन्हित कराकर उन पर कार्रवाई की जाएगी।
माहौल खराब करने की कोशिश
यह पहला मामला है जब शहर क्षेत्र में इस तरह गोवंश के बच्चे का सिर काटकर उसे सड़क पर फेंक गया। ऐसा करके शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। ऐसे में हिंदू संगठनों का कहना है कि ऐसा करने वालों को चिन्हित करके उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। यदि ऐसा नहीं होता है तो शहर का माहौल खराब हो सकता है। ऐसे में नए साल के पहले यह मामला पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।