लखनऊ। मदेयगंज से एक वर्ष पहले लापता हुई किशोरी सीतापुर में भीख मांगते मिली। परिजनों ने मदेयगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। काफी प्रयासों के बाद भी किशोरी का पता नहीं चला। इसके बाद विवेचना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को सौंपी गई।
एडीसीपी क्राइम किरन यादव के मुताबिक, किशोरी से पूछताछ में सामने आया कि बाराबंकी के बड्डूपुर स्थित बसंतपुर निवासी सलमान किशोरी को शादी का झांसा देकर साथ ले गया था। उसने किशोरी को कुछ दिन अपने घर रखा और फिर भीख मांगने के काम पर लगा दिया। एएचटीयू को किशोरी 29 जून को सीतापुर के महमूदाबाद स्थित संकटा देवी मंदिर के पास मिली। पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार कर लिया। किशोरी ने बताया कि सलमान ने शादी का झूठा वादा किया था। उसने अपने घरवालों के साथ रखा था। पुलिस आरोपी के परिवार वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
बालगृह भेजी गई किशोरी
पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसका चिकित्सा परीक्षण कराया। बयान दर्ज करने के बाद उसे बाल कल्याण समिति के सामने प्रस्तुत किया गया। इसके बाद उसे राजकीय बालगृह में दाखिल कराया गया। आरोपी सलमान को न्यायालय के सामने पेश किया गया। वहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस वर्ष 10 बच्चों की बरामदगी
एडीसीपी क्राइम ने बताया कि वर्ष 2026 में एएचटीयू ने अब तक कुल 10 गुमशुदा बच्चों को बरामद कर उनके परिजनों से मिलाया है। इनमें से दो बच्चों की बरामदगी पिछले माह हुई थी। बच्चों की तलाश करने के लिए पुलिस टीम तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल फुटप्रिंट्स, मानव खुफिया तंत्र व दूसरे जिलों की पुलिस से समन्वय बनाकर काम करती है।