- गोमतीनगर विस्तार स्थित जी- 20 रोड पर हुआ हादसा
- एचसीएल कंपनीकर्मी को दफ्तर लेकर जा रहा बाइक टैक्सी चालक भी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ।
गोमतीनगर विस्तार स्थित जी-20 रोड पर बृहस्पतिवार को एचसीएल कर्मी अलीगंज स्थित सेक्टर-आई यथार्थ त्रिपाठी (20) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के वक्त टैक्सी बाइक से जा रहे थे। कार की टक्कर से बाइक चालक व यथार्थ घिसटते हुए डिवाइडर से टकरा गए। चालक भी गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में भर्ती हैं।
मूल रूप कानपुर निवासी यथार्थ त्रिपाठी मामा अनूप कुमार पांडेय के घर अलीगंज में रहता था। यथार्थ की बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे से की शिफ्ट थी। वह बाइक टैक्सी से ड्यूटी पर जा रहा था। मामा अनूप के अनुसार जी-20 रोड पर अज्ञात कार ने बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक और यथार्थ सड़क पर घिसटते हुए डिवाइडर से टकरा गए। हादसे में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। उधर यथार्थ की बॉस ने उसके मोबाइल पर कॉल की तो पुलिस ने हादसे की जानकारी दी। दफ्तर वालों ने दफ्तर में काम कर रही यथार्थ की ममेरी बहन प्रगति को बताया। खबर पाकर परिजन लोहिया पहुंचे तो पता चला कि यथार्थ की मौत हो चुकी है। इंस्पेक्टर सुधीर कुमार अवस्थी ने बताया कि घायल बाइक टैक्सी चालक की हालत नाजुक है। घटनास्थल के आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज खंगाली जा रही है।