हाथरस दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री का फर्जी बयान पोस्ट किया गया है। इस मामले में हजरतगंज थाने में तैनात दरोगा की तहरीर पर अफवाह फैलाने, जालसाजी, कूट रचना करने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एडीसीपी मध्य चिरंजीवी नाथ सिन्हा के मुताबिक मुन्ना यादव नाम के व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर मुख्यमंत्री का यह बयान पोस्ट किया था। इस बयान के साथ ही एक न्यूज चैनल का नाम व लोगो लगा हुआ था।
उसमें मुख्यमंत्री की फोटो भी लगाई गई थी। जानकारी मिलने के बाद हजरतगंज थाने में नरही चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। प्रभारी निरीक्षक हजरतगंज अंजनी कुमार पांडे के मुताबिक मुन्ना यादव के खिलाफ अफवाह फैलाने, धोखाधड़ी, कूट रचना, मुख्यमंत्री के तस्वीर का गलत प्रयोग, आईटी एक्ट और कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।