चंदा चोरी में चाचा का नाम, अफसर हलाकान
राम मंदिर चंदा चोरी में एक अफसर के चाचा का भी नाम चर्चा में है। ऐसे में यह अफसर हलाकान हैं। वे चंदा चोरी से जुड़ी पल- पल की खबर का संज्ञान ले रहे हैं। सुबह से शाम तक का अपडेट जानने के लिए विभाग के दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी है। ये कर्मचारी हर सूचना की नोट बनाते हैं और शाम को उन्हें ब्रीफ करते हैं। अब देखना य ह है कि चाचा का नाम चर्चा में आने के बाद भतीजे का क्या होता है? क्योंकि भतीजा चाचा के जरिए अहम कुर्सी संभाल रहा है।
सेवानिवृत्ति के बाद भी चर्चा में साहब
आम तौर पर विभाग से सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारी कुछ दिन बाद भुला दिए जाते हैं। किंतु प्रदेश के एक पढ़ाई-लिखाई वाले विभाग के एक साहब एक पखवारे बाद भी चर्चा में बने हुए हैं। कभी वो अपने समय में हुए तबादले के लिए याद किए जाते हैं तो हाल ही में उनके द्वारा की गई एक नियमावली में संशोधन काफी चर्चा में है। इसकी वजह से विभाग में दूरगामी असर पड़ेगा और एक समय बाद विभाग में एक खास कैडर का ही जलवा होगा।
फूट पड़ा लावा
प्रदेश का सरकारी खजाना भरने में अव्वल विभाग और राजस्व देने में अव्वल जिले में बैठे साहब और कर्मचारियों का संघर्ष साल भर बाद खुलकर सामने आ ही गया। पहले लुकाछिपी का खेल चल रहा था लेकिन ‘हार्ट अटैक कांड’ ने बाकियों के ‘हार्ट’ को मजबूत कर दिया और डरते-डरते ही सही, मोर्चा खोल दिया। अब अंदरखाने चर्चा है कि साहब की किरकिरी के बाद विभाग में रुतबा घट गया है और अब तो कर्मचारी भी जवाब देने के मूड में हैं। कच्चे-चिट्ठों से भरी एक फाइल भी तैयार होने की सुरसुरी जोरों पर है।