बैठकों पर फीडबैक
एक संवैधानिक संस्था के मुखिया अक्सर देर शाम तक जिलों के अधिकारियों की बैठक करते हैं। इससे जिलों के कई काम प्रभावित हो रहे हैं और संवैधानिक संस्था के कामों को लेकर भी कुछ खास नतीजा नहीं निकल पा रहा है। इस फीडबैक को इस राजधानी से उस राजधानी तक भेजा गया है। अब देखते हैं कि इस फीडबैक का भी कोई नतीजा निकलता है या फिर बेनतीजा रहता है...
साहब का दबदबा बरकरार
खाकी महकमे की जिस तबादला सूची का लंबे समय से इंतजार हो रहा था, आखिरकार वह जारी हो गई। पश्चिम के एक कमिश्नरेट की कुर्सी पर नजरें गड़ाए गंगा किनारे और एनसीआर वाले साहब के अरमानों पर पानी फिर गया। एक और साहब भी कुर्सी पाने के लिए काफी मशक्कत कर रहे थे, लेकिन उनके हाथ भी निराशा ही लगी।
हालांकि, उनका जोन जरूर बदल गया। वहीं, एक साहब का जलवा ऐसा है कि उनकी गाड़ी बिना किसी रुकावट के ट्रैक पर दौड़ रही है। दो कमिश्नरेट की कमान संभालने के बाद अब तीसरे कमिश्नरेट की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंप दी गई है। महकमे में चर्चा है कि साहब की पकड़ ऊपर तक इतनी मजबूत है कि उनके लिए रास्ते खुद-ब-खुद बनते चले जा रहे हैं।