'शाहिद', 'अलीगढ़' और 'ओमर्टा' जैसी फिल्में बना चुके निर्देशक हंसल मेहता अब अपराधी विकास दुबे पर वेब सीरीज बनाने जा रहे हैं। फिल्म की पटकथा पर काम जारी है और इसकी शूटिंग अगले साल से शुरू होगी। बिकरू कांड में 8 पुलिसवालों की हत्या कर विकास दुबे ने उज्जैन के महाकाल मंदिर में समर्पण किया था और यूपी पुलिस के साथ वापस कानपुर आते हुए रास्ते में पुलिस की गिरफ्त से भागने की कथित कोशिश में वह मारा गया।
हंसल मेहता का इरादा बिकरू कांड से लेकर विकास के एनकाउंटर तक के बीच करीब हफ्ते भर तक चले मीडिया ट्रायल पर सीरीज बनाने का है। निर्देशक हंसल मेहता ने यह मौका देने के लिए फिल्म के निर्माता शैलेश आर.सिंह. का आभार जताया है। इससे पहले ‘दशहरा’, ‘जीना है तो ठोक डाल’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके मनीष वात्सल्य ने भी विकास दुबे पर वेब सीरीज ‘हनक’ बनाने का एलान किया था। इसकी कहानी मृदुल कपिल और सुबोध पांडे लिख रहे हैं।