लखनऊ। लोकबंधु अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को इलाज के लिए पहुंचे मरीज को टूटी व्हीलचेयर थमा दी गई। तीमारदार ने इसका विरोध जताया तो स्टाफ ने अभद्रता की टूटी व्हीलचेयर से ही मरीज को ले जाने के लिए कहा।
इसके बाद तीमारदार रैंप पर व्हीलचेयर को उठाकर मरीज को अंदर ले गए। स्टाफ की ओर से की गई अभद्रता का तीमारदार ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया है।
सरोजनीनगर के ट्रांसपोर्ट नगर इलाका निवासी सागर शुक्ला का पैर टूट गया था। सोमवार सुबह वह बहन पारुल के साथ लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। यहां स्टाफ ने उन्हें व्हीलचेयर दी। पारुल व्हीलचेयर लेकर अंदर गई तो देखा कि उसमें एक पहिया नहीं है। इस पर वह व्हीलचेयर वापस करने लगी तो कर्मचारी भड़क उठा और दूसरी व्हीलचेयर देने से इन्कार कर दिया। पारुल ने विरोध किया तो स्टाफ अभद्रता पर उतारू हो गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर के मुताबिक मामले की जांच कराई जाएगी।