लखनऊ। गोमतीनगर में फन मॉल सर्विस रोड स्थित खानपान की दुकान में बिल के रुपये मांगने पर दबंगों ने कर्मचारी मुक्तिनाथ को पीटकर नाले में फेंक दिया। इससे उन्हें काफी चोटें आई हैं। दुकान की संचालिका गोमती बैराज कॉलोनी निवासी रोहिणी सिंह ने चार लोगों के खिलाफ गोमतीनगर थाने में बुधवार को पिटाई व धमकाने की धारा में एफआईआर दर्ज कराई है। रोहिणी के मुताबिक, वह सर्विस रोड पर फूडिस्तान नामक दुकान चलाती हैं। दुकान में उनके परिवार के मुक्तिनाथ भी काम करते हैं। गत 13 जून को दोपहर में गोमती बैराज कॉलोनी निवासी शानू हाशमी, उजरियांव निवासी राजा दुकान में खाना खाकर बिल का भुगतान किए बिना जाने लगे। मुक्तिनाथ के विरोध पर दोनों उन्हें पीटकर भाग निकले। रोहिणी का आरोप है कि इसके कुछ देर बाद दोनों आरोपी अपने दो अज्ञात साथियों के साथ फिर दुकान पर पहुंचे और मुक्तिनाथ को बुरी तरह से पीटकर नाले में फेंक दिया। इंस्पेक्टर ब्रजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है।