लखनऊ। हैकर ने मानकनगर के बहादुर खेड़ा निवासी प्रदीप श्रीवास्तव का मोबाइल हैक कर उनके बैंक खाते के विवरण बदल दिए। इसके बाद राजस्थान के पते पर उनका डेबिट कार्ड जारी करा कर बैंक खाते से 97 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने बृहस्पतिवार को मानकनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रदीप ने बताया कि आठ सितंबर की दोपहर तीन बजे अचानक मोबाइल हैक हो गया। उनके खाते में 97 हजार रुपये पड़े थे, जिसमें हैकर ने एक लाख रुपये और जमा कर दिए। आरोपी ने उनके बैंक की एप में जाकर पता राजस्थान का कर दिया। फिर ठग ने उन्हीं के बैंक का डेबिट कार्ड राजस्थान के पते पर जारी करा कर उनके खाते से 1.97 लाख रुपये निकाल लिए। ठग ने यह काम तीन दिन में किया। इसके बाद पीड़ित का मोबाइल सामान्य हो गया। प्रदीप जब बृहस्पतिवार को बैंक पहुंचे तब उन्हें मामले का पता चला। उन्होंने मानकनगर थाने में तहरीर दी। थाना प्रभारी अजीत सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।