लखनऊ। चिनहट की हंस विहार कॉलोनी में युवती का पड़ोसियों से विवाद हो गया। युवती के बुलाने पर दोस्त जिम ट्रेनर अन्य साथियों के साथ पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची वृद्धा के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने वृद्धा को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया और 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मौके से जिम ट्रेनर को गिरफ्तार कर लिया गया।
कॉलोनी निवासी आदित्य सिंह के मुताबिक उनके घर के बगल में मूलरूप से अयोध्या निवासी दिव्या सिंह और अमोल, अमर व दीपक किराये पर रहते हैं। आदित्य ने बताया कि सोमवार रात दिव्या का तीनों लोगों से किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दिव्या ने रात 12:30 बजे अपने साथी बहराइच के जरवल निवासी जिम ट्रेनर दिव्यांश सिंह, चिनहट के शाहपुर निवासी प्रियांश, युवराज, सैफ, सान यादव व पांच अन्य अज्ञात साथियों को बुला लिया। फिर अमोल, दीपक व अमर को बहाना बनाकर नीचे ले गई। वहां खड़े आरोपियों ने तीनों युवकों को लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपी असलहों से ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। इससे वहां मौजूद लोग डर गए।
आदित्य ने बताया कि शोर सुनकर वह भी मां गायत्री के साथ बाहर आ गए। आरोप है कि मां ने बीच बचाव करते हुए तीनों लोगों की पिटाई का विरोध किया तो दिव्यांश ने फायरिंग कर दी। एक गोली मां के पैर में जा लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
पुलिस की तीन टीमें गठित, दबिश जारी
इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्र के मुताबिक पीड़ित गायत्री की हालत सामान्य है। आदित्य की तहरीर के आधार पर दिव्या, दिव्यांश, प्रियांश, युवराज, सैफ, सान और पांच अन्य के खिलाफ हत्या का प्रयास व अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। दिव्यांश को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया है। भागे चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें दबिश दे रही हैं।