मोहनलालगंज के बिंदौआ गांव में मेले के दौरान हंगामा, मारपीट करने वाले आरोपी।
मोहनलालगंज। क्षेत्र के बिंदौआ गांव में सोमवार रात धार्मिक स्थल पर लगे मेले में अश्लील गाने पर डांस की फरमाइश पूरी न होने पर गुज्जर गैंग ने उत्पात मचाया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो युवक उनसे भी भिड़ गए और मारपीट शुरू कर दी। दरोगा की कार तोड़ दी। पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि रात 12 बजे गांव में ही रहने वाला गुज्जर गैंग का सरगना ललित रावत शराब के नशे में मंच पर चढ़ा और अश्लील गाने पर डांस की फरमाइश करने लगा। मौजूद पुलिसकर्मी उसे मंच से उतारकर थाने लाने लगे तो ललित के गैंग के 15-20 युवकों ने घेर लिया। इसी बीच किसी ने बिजली काट दी। अंधेरा होते ही गैंग ने पुलिस से मारपीट शुरू कर दी। ललित को पुलिस से छुड़वा लिया और दरोगा की कार का शीशा तोड़ दिया।
रास्ता बंद कर लोगों को भी पीटा
मेले में अचानक हुई घटना से अफरातफरी मच गई। लोग भागने लगे तो आरोपियों ने एसयूवी तिरछी खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया। इसके बाद जो सामने आया उसे पीटा। बवाल की सूचना पर भारी संख्या में पुलिस पहुंची और ललित, सदाशिव, मिथुन रावत, देश दीपक व विक्रांत कुमार को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने मौके से उनकी एसयूवी भी कब्जे में ली है। एसीपी रजनीश वर्मा के मुताबिक सिपाही सतेंद्र सिंह की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ पुलिस पर हमला, बलवा व 7 सीएल एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।