यूपी के प्रयागराज में बसपा विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल की हत्या में शामिल और माफिया अतीक अहमद का बेहद करीबी रहा शातिर अपराधी गुड्डू मुस्लिम जांच एजेंसियों को चकमा देकर दुबई फरार हो गया।
जांच एजेंसियां जानकारी जुटा रही हैं कि गुड्डू मुस्लिम के फरार होने में किसने मदद की। आशंका जताई जा रही है कि कोलकाता में माफिया अतीक अहमद के करीबी गद्दी बिरादरी के लोगों ने फरार होने में उसकी मदद की है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं अतीक की पत्नी शाइस्ता और उसके भाई अशरफ की पत्नी जैनब भी तो दुबई फरार नहीं हो चुके हैं।
यूपी के कई बड़े अपराधी पहले भी दुबई में पनाह ले चुके हैं। इनमें सहारनपुर का खनन माफिया एवं पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल, शाइन सिटी घोटाले का मास्टरमाइंड राशिद नसीम, एलयूसीसी चिटफंड घोटाले का मास्टरमाइंड समीर अग्रवाल शामिल हैं।
यूपी के अंडरवर्ल्ड में बमबाज के नाम से मशहूर गुड्डू मुस्लिम, उर्फ गुड्डू शूटर को दबोचना पुलिस के लिए आसान नहीं रहा। शातिर अपराधी होने की वजह से वह पुलिस की चालों से बाखबर रहता है। इसी वजह से करीब 20 महीने की मशक्कत के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा। अब उसके दुबई भागने के बाद एजेंसियों की मुश्किलें बढ़नी तय हैं।
अतीक अहमद के संपर्क में आने से पहले वह यूपी के कई माफियाओं के लिए घटनाओं को अंजाम दे चुका था। उसके संपकों की वजह से अतीक उस पर सबसे ज्यादा भरोसा करता था।