चिड़ियाघर में तैनात गार्डों ने रविवार को एक युवक को लाठी से पीटने का वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस पर हजरतगंज पुलिस हरकत में आई। घायल युवक को मेडिकल कराने के बाद तहरीर के आधार पर नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच की जा रही है।
वायरल वीडियो में देखने को मिला कि एक युवक का गेट पर गार्डों से कुछ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते उनमें से एक प्राइवेट गार्ड आया और युवक पर थप्पड़ बरसाने लगा। उसका साथ अन्य गार्डों ने देते हुए लाठी से पिटाई शुरु कर दी। यही नहीं प्राइवेट गार्ड ने लाठी लेकर युवक को जमकर पीटा, जिससे सिर में गहरी चोट आ गई। यह देख चिड़ियाघर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सभी इधर-उधर भागने लगे। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करवाया।
इस मामले में चिड़ियाघर के निदेशक वीके मिश्रा ने बताया कि सभी युवक परिसर के अंदर अभद्रता कर रहे थे जिसके चलते गार्डो ने उन लोगों को बाहर निकाला था। मामला क्या है उसकी जांच की जा रही है। वहीं इंस्पेक्टर हजरतगंज अखिलेश मिश्रा के मुताबिक मवैया निवासी आसिफ अपने दोस्तों के साथ चिड़ियाघर घूमने के लिए आया था। गेट से निकलते वक्त गार्डों से विवाद हो गया। फिलहाल आसिफ की तहरीर पर गार्ड वसी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।