लखनऊ। दलालों पर अंकुश लगाने के लिए केजीएमयू प्रशासन सुरक्षा गार्डों और पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन व्यवस्था लागू करेगा। यह फैसला कुलपति के नेतृत्व में हुई बैठक में लिया गया।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया लंबे समय तक एक ही स्थान पर तैनाती से कर्मियों की बाहरी लोगों और दलालों से सांठगांठ की आशंका बढ़ जाती है। इससे अस्पताल की सुरक्षा और मरीजों की सुविधाएं प्रभावित होती हैं। सुरक्षा गार्डों के रोटेशन की नई व्यवस्था एक सप्ताह में लागू होगी। कोई भी गार्ड एक स्थान पर एक वर्ष से अधिक समय तक तैनात नहीं रहेगा। पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर पुलिसकर्मियों के लिए भी ऐसी ही व्यवस्था लागू करने का अनुरोध किया जाएगा। केजीएमयू के कार्डियोलॉजी, ट्रॉमा सेंटर में दलाल सक्रिय रहते हैं। ये मरीजों को निजी मेडिकल स्टोर और जांच केंद्रों तक ले जाते हैं, जिसके बदले उन्हें कमीशन मिलता है।