उत्तर प्रदेश में सख्ती के तमाम दावों के बावजूद दूसरे राज्यों से जीएसटी चोरी का लोहे का स्क्रैप (कबाड़) धड़ल्ले से आ रहा है। एक तरफ ये स्क्रैप यूपी में ही कई कंपनियों द्वारा खपाया जा रहा है, तो दूसरी तरफ गोविंदगढ़ पंजाब जाने का सेफ पैसेज भी बन गया है।
लोहे के कबाड़ में जीएसटी चोरी के नेटवर्क में कई बड़ी कंपनियों की संलिप्तता सामने आ चुकी है। बिहार-झारखंड से कर चोरी के स्क्रैप से लदे वाहन आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली, लखनऊ, अलीगढ़, सहारनपुर होते हुए पंजाब के गोविंदगढ़ तक जाते हैं।
सहारनपुर में पकड़े गए वाहनों के बाद ये साफ हो गया कि लगभग आठ जिलों की सीमाएं पारकर जो वाहन पंजाब पहुंच रहे हैं, वह बिना विभागीय लापरवाही के संभव नहीं है। इन वाहनों की धरपकड़ भी शासन से मिले इनपुट के आधार पर की गई। इसके बाद ढाबे में खड़ी गाड़ियों की चेकिंग की गई थी।
ऐसे मामले संवेदनशील इसलिए हैं क्योंकि टैक्स चोरी के कबाड़ से लदे वाहनों का यूपी में प्रवेश गोरखपुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र जैसे जिलों से होता है। विभाग ने भी इसे गंभीरता से लिया है। गोपनीय जांच के निर्देश दिए हैं।