लखनऊ। आनंदविहार-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कूपे से महिला यात्री के जेवर और नकदी चोरी होने के मामले में बुधवार को जीआरपी की टीम जांच के लिए छपरा रवाना हुई। टीम पीड़िता के घर जाकर उसका बयान दर्ज करेगी। वहीं, किशनगंज से ट्रेन के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मांगी गई है।
विज्ञापन
एक नवंबर को सुनीता अपने पति उमेश और ढाई साल के बच्चे के साथ ट्रेन संख्या 15726 से छपरा जा रही थीं। देर रात ट्रेन के लखनऊ पहुंचने पर उनका बैग चोरी हो गया। उसमें करीब ढाई लाख रुपये के जेवर और 25 हजार रुपये थे। पीड़िता ने ट्रेन रोकने के लिए चार बार चेन पुलिंग की लेकिन जीआरपी और आरपीएफ मौके पर नहीं पहुंची। बाद में देवरिया सदर जीआरपी ने मामला दर्ज किया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद जीआरपी ने जांच तेज की। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो के साथ भाजपा सरकार पर निशाना साधा था।