लखनऊ। सुधीर कुमार का मोबाइल ट्रेन से गायब हो गया था। उन्होंने जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उनका मोबाइल सर्विलांस पर लगाया गया। मोबाइल बरामद हुआ और मंगलवार को जब उन्हें मोबाइल लाैटाया गया तो उनके चेहरे की खुशी देखने लायक थी।
दरअसल, जीआरपी की ओर से मंगलवार को करीब 60 लाख रुपये कीमत के 312 खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन वास्तविक स्वामियों को लाैटाए गए। पुलिस अधीक्षक रोहित मिश्रा ने इन मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। उन्होंने आगे बताया कि बरामद किए गए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन देश के कई राज्यों व उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से मिले थे। मोबाइल से संबंधित प्रार्थनापत्रों का संज्ञान लिया गया और सर्विलांस टीम एवं थानों पर गठित टीमों को गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अभियान के अनुपालन में टीमों ने अथक प्रयास किए। इन प्रयासों से यह बड़ी सफलता हासिल हुई। अपना खोया हुआ मोबाइल फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने जीआरपी पुलिस लखनऊ का हृदय से आभार व्यक्त किया।