राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को जीआरपी ने दबोच लिया है। आरोपी ने लड़की के मित्र को सबक सिखाने के उद्देश्य से ऐसी हरकत की। जीआरपी ने आरोपी को प्लेटफॉर्म नंबर नौ के पास से गिरफ्तार किया है।
जीआरपी प्रभारी ने बताया कि सीतापुर रेलवे स्टेशन पर बीती 31 जुलाई की रात को एक फोन आया। इसमें बताया गया कि उसे एक फोन आया और फोन करने वाले ने चारबाग स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी है। सीतापुर स्टेशन से जीआरपी चारबाग कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।
जीआरपी ने जब दिए गए मोबाइल पर फोन किया तो वह स्विच ऑफ पाया गया। सूचना देने वाले का नंबर भी नॉट रीचेबल था। इस पर जीआरपी ने आरपीएफ के साथ मिलकर पूरे स्टेशन व गुजरने वाली ट्रेनों की जांच की, लेकिन कोई विस्फोटक सामग्री आदि नहीं मिली। जीआरपी ने फोन सर्विलांस पर लगाया। इसके बाद नंबर शुक्रवार दोपहर प्लेटफार्म नंबर नौ के आउटर की तरफ सक्रिय मिला।
फोन करने पर लड़की के मित्र ने उसे हड़काया था
एसआई अवधेश कुमार वर्मा और कांस्टेबल अमन कुमार ने मौके पर पहुंच कर आरोपी को दबोच लिया। 27 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ सिद्धार्थ सीतापुर के ग्राम सरौराकला का रहने वाला है। वह एक चीनी मिल में काम करता है। वह एक लड़की को फोन करता था। लड़की के मित्र ने उसे हड़काया, इसके चलते उसने उसके खिलाफ बम विस्फोट सूचना का षड्यंत्र रचा।