गृह मंत्री अमित शाह रविवार को 64,860 करोड़ की 290 निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ देश के दिग्गज उद्योगपति और गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। इन निवेश परियोजनाओं से आने वाले दिनों में दो लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विज्ञापन
योगी सरकार के ढाई वर्ष से भी कम के कार्यकाल में यह तीसरा मौका है जब निवेश प्रोत्साहन से जुड़ा कार्यक्रम बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसी तरह एक वर्ष के भीतर निवेश परियोजनाओं का दूसरा सामूहिक शिलान्यास समारोह है। फरवरी-2018 में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट और जुलाई-2018 में आयोजित पहले ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य मेहमान थे।
इन्वेस्टर्स समिट का समापन करने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आए थे। मोदी की मौजूदगी में संपन्न इन्वेस्टर्स समिट में 4.28 लाख करोड़ के एमओयू हुए थे। इसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित पहले ग्राउंड ब्रेकिंग सेरिमनी में मोदी ने 81 निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास किया था। अब दूसरे ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शाह एकमुश्त 290 निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्थापित हो रही हैं।
विज्ञापन
महाना ने इंदिरा प्रतिष्ठान से एअरपोर्ट तक तैयारियों का लिया जायजा
प्रदेश सरकार ने इस भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना ने शनिवार को औद्योगिक विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा व मुख्य सचिव डा. अनूप चंद्र पांडेय के साथ समारोह स्थल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से एअरपोर्ट तक की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस रूट को भव्य तरीके से सजाया संवारा गया है। इस मौके पर प्रमुख सचिव औद्योगिक विकास राजेश कुमार सिंह व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
पश्चिमांचल में निवेश की बारिश, बुंदेलखंड में केवल 11 प्रोजेक्ट
गृह मंत्री अमित शाह जिन 290 निवेश परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे उनमें सर्वाधिक 158 प्रोजेक्ट पश्चिम यूपी में स्थापित होंगे। इन परियोजनाओं से 38,359 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इसके बाद सर्वाधिक 54 प्रोजेक्ट मध्यांचल में स्थापित होंगे। इनसे 9,068 करोड़ का निवेश होगा। इसके बाद पूर्वांचल में 5,580 करोड़ के 38 प्रोजेक्ट स्थापित होंगे। सबसे कम 11 प्रोजेक्ट बुंदेलखंड के लिए हैं। इन पर 2,634 करोड़ का निवेश होगा। 9216 करोड़ के 29 प्रोजेक्ट प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्थापित हो रहे हैं।
शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में क्षेत्रवार स्थिति
क्षेत्र निवेश करोड़ रु. में प्रोजेक्ट की संख्या
पश्चिमांचल 38359.44 158
मध्यांचल 9068.00 54
पूर्वांचल 5580.67 38
बुंदेलखंड 2634.75 11
भिन्न-भिन्न क्षेत्रों में 9261.83 29
इलेक्ट्रानिक मैन्युफैक्चरिंग, रिन्युवल इनर्जी, इन्फ्रास्ट्रक्चर में सबसे ज्यादा निवेश
सीतापुर में 1550 करोड़ से बायोफ्यूल उत्पादन यूनिट की होगी स्थापना
सनलाइट फ्यूल सीतापुर में 1550 करोड़ रुपये की लागत से बायोफ्यूल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाएगा। टाटा पॉवर शाहजहांपुर व बरेली में 500 करोड़ का निवेश कर रिन्युवल इनर्जी के प्रोजेक्ट स्थापित करेगा।
अडानी ग्रुप 950 करोड़ रुपये निवेश कर इंडियन आयल कारपोरेशन के साथ मिलकर पूरे प्रदेश में पीएनजी इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करेेगा। इसकेअलावा 871 करोड़ निवेशक कर जौनपुर में ‘ट्रांशमिशन इवेक्युवेशन सिस्टम’ की स्थापना करेगा। वीवो और सैमसंग ग्रेटर नोएडा में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना करेंगी। ये कंपनियां क्रमश: 7000 व 1400 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी।
इसी तरह हेयर इंडिया ग्रेटर नोएडा में इलेक्ट्रानिक्स मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की स्थापना पर 1000 करोड़ रुपये निवेश करेगी। अप्पो 2000 करोड़ और लावा 92 करोड़ निवेश करेगा।
आईटीसी 700 करोड़ की लागत से हरदोई के संडीला में फूड प्रोसेसिंग सेंटर व वेयरहाउस की स्थापना करेगा। पेप्सिको मथुरा में 500 करोड़ की लागत से फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाएगी। मेदांता हेल्थकेयर गौतमबुद्धनगर में 1100 करोड़ की लागत से हास्पिटल स्थापित करेगा।
एक वर्ष के भीतर चार लाख से अधिक रोजगार के नए अवसर की पहल
निवेश परियोजनाओं के सामूहिक शिलान्यास कार्यक्रम की पहल इस मायने में अहम है कि एक वर्ष के भीतर आयोजित दो कार्यक्रमों से 4 लाख से अधिक रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पहले शिलान्यास समारोह से जुड़े जो 81 प्रोजेक्ट स्थापित किए जा रहे हैं उनसे 2.06 लाख नए रोजगार सृजित होने का अनुमान है। रविवार को जिन 290 परियोजनाओं का शिलान्यास हो रहा है उससे भी दो लाख से अधिक रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस तरह जैसे-जैसे ये 371 प्रोजेक्ट पूरे होंगे प्रदेश में वे चार लाख से अधिक रोजगार के नए अवसर लाएंगे।