अदाणी ग्रुप के चेयमरैन गौतम अदाणी ने कहा कि उनका ग्रुप यूपी में 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है। इससे 30 हजार नौकरियों का सृजन होगा। 11 हजार करोड़ रुपये ग्रीन एनर्जी और डाटा सेंटर आदि में निवेश कर रहे हैं। सड़क एवं परिवहन और रक्षा आदि क्षेत्रों में 24 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं। डिफेंस कॉरिडोर सेक्टर में कानपुर में हमारा एम्युनिशन सेंटर निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा निवेश होगा।
अदाणी ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें दो महान नेताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उपस्थित होने का मौका मिला है। पीएम मोदी ने गुजरात के सीएम रहते हुए औद्योगिक विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए थे। आज उसी गुजरात मॉडल को देश में लागू किया जा रहा है। मोदी एक ऐसे आर्किटेक्ट हैं, जिनकी ओर 135 करोड़ भारतीय उम्मीदों भरी निगाहों से देखते हैं। उनकी नए भारत की अवधारणा ऐसी है, जिसमें अतीत का गौरव और भविष्य की संभावनाएं हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ की जीवन शैली और निर्णय लेने की प्रशासनिक क्षमता प्रेरणादायक है। यूपी की कानून-व्यवस्था में सुधार से सुशासन की स्थापना हुई है। हम इतने राज्यों में काम करते हैं, लेकिन यूपी के गवर्नेंस में निर्णय लेने की क्षमता अभूतपूर्व है। अदाणी ने अपना संबोधन सरोजनी नायडू की पंक्तियों के माध्यम से किया-‘मैं सोच भी बदलता हूं, मैं नजरिया भी बदलता हूं, बदलता नहीं तो सिर्फ लक्ष्य नहीं बदलता...’
35 हजार लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार देगा बिड़ला ग्रुप : कुमार मंगलम
आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि उनका ग्रुप यूपी में 40 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कर रहा है। इससे प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से 35 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। शाहजहांपुर और लखनऊ के पास उनकी सीमेंट की इकाइयों में 5 हजार करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है। अगले तीन वर्षों में एल्युमिनियम, फाइनेंस और पाइप लाइन के क्षेत्र में भी निवेश करेंगे।
उन्होंने कहा कि यूपी आज निवेश का सबसे महत्वपूर्ण स्थान बन चुका है। सिंगल विंडो सिस्टम लागू होने से निवेश करने में बहुत मदद मिली है। सीएम योगी के नेतृत्व में प्रदेश आगे बढ़ रहा है तो पीएम मोदी के निर्देशन में यह सशक्त बन रहा है। आज यूपी अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन चुका है। उन्होंने कहा कि बिड़ला ग्रुप शिक्षा के क्षेत्र में भी यूपी में काफी काम कर रहा है। डबल इंजन की सरकार से यूपी के विकास को नई रफ्तार मिली है। कारोबारी सुगमता और रिफॉर्म में प्रदेश आगे है। दो दशकों में सबसे ज्यादा एफडीआई यूपी में इसी काल में आया है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा-‘जब हौसला बना लिया ऊंची उड़ान का, तब देखना फिजूल है कद आसमान का।’
हर साल अपने डाटा सेंटर में एक हजार करोड़ का करेंगे निवेश : हीरानंदानी
हीरानंदानी ग्रुप के एमडी निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि आर्थिक क्षेत्र में डबल इंजन सरकार की रफ्तार बुलेट ट्रेन की तरह है। उनके और उनके बेटे का अनुभव यूपी में शानदार रहा है। हीरनंदानी ने कहा कि वे कंस्ट्रक्शन के क्षेत्र में 40 वर्षों से हैं, लेकिन इतना बदलाव कभी नहीं देखा। नोएडा में 1500 करोड़ रुपये की लागत से डाटा सेंटर स्थापित कर रहे हैं। सारी एनओसी समय रहते मिलीं, जिससे यह संभव हो पाया। इस साल अगस्त में इस डाटा सेंटर की शुरुआत हो जाएगी। उन्होंने उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से उपस्थित रहने का अनुरोध किया। कहा कि उनका ग्रुप अगले पांच साल तक हर साल एक हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा। उन्होंने मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा, आईआईडीसी अरविंद कुमार और आईएएस नरेंद्र भूषण से मिले सहयोग की मंच से प्रशंसा की।
अपनी नीतियों से निवेश का केंद्र बना यूपी : मैथ्यू
एयर लिक्विड के मैथ्यू आईरीज ने कहा कि उनका समूह मथुरा में 350 करोड़ रुपये की लागत से इकाई लगा रहा है। इससे रोजगार के अवसर मुहैया होंगे। उनका उत्पाद वेल्डिंग और वेस्ट वाटर आदि में काम आता है। कार्बन उत्सर्जन कम करना उनका लक्ष्य है। यूपी की उद्योगों को आगे बढ़ाने की नीति काफी सराहनीय है। बहुत कम समय में उन्हें प्लांट लगाने की जमीन मिल गई। निवेश मित्र पोर्टल भी काफी मददगार साबित हुआ। जल्द ही उनका ग्रुप हेल्थकेयर सेक्टर में भी निवेश करेगा। यूपी अपनी नीतियों से निवेश का आकर्षक केंद्र बनता जा रहा है।