लखनऊ। मोहल्ला क्लीनिक की तर्ज पर खुले हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की जगह के आवंटन में हुई गड़बड़ी में अफसर लीपापोती में जुटे हैं। होटल-दुकान व संकरी गली में खोले गए सेंटर के मामले में डीएम-एनएचएम ने रिपोर्ट तलब की थी, जिसके जवाब में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने केंद्र का आवंटन ठीक होने की गलत रिपोर्ट भेजकर मामले को निपटा दिया है।
त्रिवेणी जन आरोग्य मंदिर को दुकान में खुलवा दिया गया है। इससे पहले जन आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य विभाग के एक डॉक्टर की ससुराल में खुला था। शिकायत के बाद बीते साल अफसरों ने नोटिस देकर बिल्डिंग बदली थी। अफसरों ने त्रिवेणीनगर फर्स्ट में खुली परचून की दुकान में जन आरोग्य मंदिर खुलवा दिया था। पॉश कॉलोनी होने की वजह से यहां पर मरीजों की ओपीडी का ग्राफ भी कम है। इसी तरह संजय गांधी पुरम में एक होटल के आधे हिस्से में केंद्र खुला है, जबकि अंबरगंज के बजाय महबूगंज की संकरी गली में केंद्र खोला गया है। टीबी हॉस्पिटल के नजदीक होने से यहां मरीज तक नहीं आते हैं। इस मसले को अमर उजाला ने प्रमुखता से बीते माह प्रकाशित भी किया था।
फजीहत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कराई थी। कमेटी बनाकर तीनों केंद्राें का निरीक्षण कराया था, मगर अफसरों ने मामले में लीपापोती करते हुए गलत रिपोर्ट आला अफसरों को भेज दी है। वहीं, त्रिवेणीनगर में परचून की दुकान में खुले केंद्र के आगे दीवार खड़ी कर दी गई है, ताकि यह पता न चले कि केंद्र दुकान में खुला है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि कमेटी के जरिये दी गई रिपोर्ट अफसरों को भेजी गई है। केंद्र में जो कमियां हैं, उन्हें दूर कराया जा रहा है।