लखनऊ। राजधानी में प्रदूषण से निपटने व वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए ग्रीन टैक्स का सुझाव रखा गया है। शनिवार को हुई बैठक में नगर आयुक्त नगर निगम इंद्रजीत सिंह व अपर सचिव पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय प्रवीर पांडेय ने स्वच्छ भारत मिशन मीटिंग हॉल में अपनी बात रखी।
बैठक में विभिन्न स्टेक होल्डर्स (एलडीए, एनएचएआई, वन विभाग, सिटी ट्रांसपोर्ट, यातायात पुलिस, आरटीओ, यूपीपीसीबी, सीपीसीबी, खाद्य एवं रसद विभाग, ग्रीन गैस लि, सेतु निगम, विद्युत विभाग के साथ ही नगर निगम के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इसमें शहर में किए जा रहे कार्यों जैसे-वेस्ट प्रोसेसिंग, ग्रीन बेल्ट का विकास, ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए किए जा रहे कार्य, घरों से अलग-अलग कूड़ा उठान व परिवहन, नाइट रोड स्वीपिंग आदि पर चर्चा की गई। प्रवीर पांडेय ने एनसीएपी व 15वें वित्त आयोग निधि से कराए गए समस्त कार्यों की वित्तीय जानकारी ली। ग्रीन गैस लि. के एजीएम एसपी गुप्ता ने शहर में डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए ग्रीन टैक्स लगाने का सुझाव दिया।