राष्ट्रीय ताप बिजली निगम (एनटीपीसी) के ऊंचाहार बिजलीघर में 500 मेगावाट क्षमता की एक और नई इकाई लगाने का रास्ता साफ हो गया है।
केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने एनटीपीसी को इसके लिए पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। एनटीपीसी अब जल्द ही इस इकाई की स्थापना का काम शुरू कराने की तैयारी में जुट गया है।
साल के अंत तक काम शुरू हो जाने की उम्मीद है। इस इकाई से उत्पादित बिजली का 40 फीसदी हिस्सा प्रदेश को मिलेगा।
एनटीपीसी के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक ऊंचाहार में 500 मेगावाट की नई इकाई के लिए केंद्र से पर्यावरणीय मंजूरी मिल गई है। नई इकाई के लिए कोल लिंकेज के साथ ही पानी एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी कर ली गई हैं।
बॉयलर-टरबाइन पैकेज का ऑर्डर देने की कवायद शुरू कर दी गई है। दो-तीन महीने के भीतर शुरुआती निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
काम शुरू होने के 36 से 38 महीने के भीतर यह इकाई चालू हो जाएगी। मौजूदा समय में ऊंचाहार बिजलीघर की स्थापित क्षमता 1050 मेगावाट है। नई इकाई की स्थापना के बाद यह बढ़कर 1550 मेगावाट हो जाएगी।
एनटीपीसी के अधिकारियों का कहना है कि चूंकि ऊंचाहार में पर्याप्त जमीन और इकाई के लिए बुनियादी सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं, इसलिए अब इसकी स्थापना कोई बाधा नहीं रह गई है। यहां से बिजली निकासी के लिए ट्रांसमिशन नेटवर्क भी उपलब्ध है।