फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: नैमिषनगर तक बनाया जाएगा ग्रीन कॉरिडोर, विस्तार की राह साफ; जानें पूरा रूट

Sun, 22 Feb 2026 10:00 AM IST
भूपेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

लखनऊ में गोमती किनारे बन रहा ग्रीन कॉरिडोर नैमिषनगर तक बनाया जाएगा। इसके विस्तार की राह साफ हो गई। आगे पढ़ें पूरी खबर और जानें पूरा रूट...
विज्ञापन
लखनऊ में गोमती किनारे बन रहा ग्रीन कॉरिडोर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी लखनऊ में गोमती तट पर बनाए जा रहे ग्रीन कॉरिडोर का एलडीए की नैमिषनगर योजना तक विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने इसके लिए 80 करोड़ रुपये से अधिक का बजट मंजूर कर दिया है। इस विस्तार से सीतापुर रोड से लगी नैमिषनगर योजना से लोगों का किसान पथ तक आना-जाना आसान होगा और करीब दो लाख की आबादी को बड़ी राहत मिलेगी। ग्रीन कॉरिडोर के विस्तार का काम जल्द शुरू होगा, क्योंकि एलडीए ने इसके लिए टेंडर कर दिया है।

विज्ञापन


गोमती तट पर आईआईएम रोड पर बसंतकुंज से किसान पथ तक बनाया जा रहा ग्रीन कॉरिडोर करीब 28 किमी लंबा है। नैमिषनगर से जोड़ने के लिए इसे नौ किमी और बढ़ाया जाएगा। विस्तार का काम आईआईएम रोड पर गोमती के बाएं तट पर होगा। इसमें 2.50 किमी बंधा और 6.50 किमी सड़क होगी, जिससे नैमिषनगर योजना सीधे जुड़ जाएगी। दो महीने पहले एलडीए की बोर्ड बैठक में विस्तार के काम को मंजूरी के बाद इसके बजट के लिए प्रस्ताव शासन भेजा गया था। अब वित्त समिति ने इसे मंजूर कर दिया है।

इन गांवों के लोगों को सबसे ज्यादा फायदा

एलडीए सीतापुर रोड पर 1804 एकड़ में नैमिष नगर योजना ला रहा है। इसमें 18 गांवों की जमीन ली जा रही है। इनमें भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोडरी भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं। ग्रीन कॉरिडोर का विस्तार होने से यहां के लोग आधे घंटे में आसानी से किसान पथ तक पहुंच सकेंगे।

इन इलाकों तक पहुंचना हो जाएगा आसान

बसंतकुंज, दुबग्गा, पक्कापुल, डालीगंज, मेडिकल कॉलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय, हनुमान सेतु, कैसरबाग, हजरतगंज, निशातगंज, अशोक मार्ग, समतामूलक चौक गोमतीनगर, 1090 चौराहा गोमतीनगर, शहीद पथ इकाना स्टेडियम होते हुए किसान पथ तक।

इस हिस्से का एक मार्च को होगा लोकार्पण

गोमतीनगर के समतामूलक चौराहे से निशातगंज होते हुए हनुमान सेतु तक और फिर वहां से डालीगंज तक ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज 22 फरवरी को शुरू नहीं होगा। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अब एक मार्च को इसका लोकार्पण करेंगे। इस रूट के शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले एक लाख से अधिक लोगों को आवागमन में आसानी होगी। लोग पांच से सात मिनट में फर्राटा भरते हुए डालीगंज से गोमतीनगर पहुंच सकेंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें