ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि मौलिक काम शुरू होने से पहले अभी होमवर्क किया जा रहा है। कौन सा चरण कब होगा इसका मौखिक आकलन किया गया। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र पहले इंजीनियरों की टीम भेजकर आकलन कराएंगे। इसके बाद ट्रस्ट की बैठक और प्रधानमंत्री से भूमि पूजन की तिथि तय होगी। अभी जितनी भी संभावित तिथियों पर चर्चाएं हो रही हैं वह अटकलबाजी है।
रामलला परिसर की चौहद्दी होगी व्यवस्थित
नृपेंद्र मिश्र हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन के बाद सीधे रामलला विराजमान पहुंचे। रामलला के सामने 51 फीट दूर बनी बैैरिकेडिंग पार करके ठीक विग्रह के समक्ष माथा टेका। फिर टेंट के बने मेक शिफ्ट स्ट्रक्चर को चारों तरफ से घूमकर देखा। 70 एकड़ के संपूर्ण परिसर मेें करीब दो घंटे तक पूरब-पश्चिम, उत्तर-दक्षिण की चौहद्दी नापी। इस दौरान वाहन का प्रयोग भी करना पड़ा। जहां-जहां भूमि तिकोनी या सकरी थी, वहां चौहद्दी को सीधी रेखा मे करने के लिए चर्चा की। परिसर के अंदर सुबह 11 बजे दर्शन बंद होने के बाद किसी को जाने की इजाजत नहीं थी। सूत्रों के अनुसार ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत जिलाधिकारी अनुज कुमार झा ने बारीकी से उन्हें पूरे परिसर की वस्तुस्थिति से परिचित कराया।