फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP News: कैशलेस इलाज योजना और पौधरोपण अभियान को मेगा इवेंट बनाएगी सरकार, संगठन के साथ मिलकर होंगे आयोजन

Tue, 07 Jul 2026 11:10 AM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

योगी सरकार कैशलेस इलाज योजना और पौधरोपण अभियान को मेगा इवेंट बनाने की तैयारी में है। सरकार और संगठन मिलकर इसका आयोजन करेंगे। सीएम ने मंत्रियों-विधायकों को क्षेत्रों में रहने के निर्देश दिए हैं। 8 जुलाई को शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया जाएगा। 12 जुलाई को प्रदेशव्यापी पौधरोपण अभियान चलेगा। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
सीएम योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उत्तर प्रदेश सरकार अपनी प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए संगठन के साथ मिलकर अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में मंत्रिपरिषद की बैठक में जरूरी निर्देश दिए। 

विज्ञापन


उन्होंने कहा कि आठ जुलाई को वाराणसी में शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के शुभारंभ और 12 जुलाई के पौधरोपण अभियान को प्रदेशभर में मेगा इवेंट के रूप में आयोजित किया जाए। सभी मंत्री अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में तथा विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों में संगठन पदाधिकारियों के साथ मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

प्रशासनिक बाधाओं के समाधान की निगरानी करें

सरकार का लक्ष्य है कि योजना की जानकारी प्रदेश के प्रत्येक पात्र शिक्षक तक पहुंचे। सीएम ने मंत्रियों और विधायकों को निर्देश दिए कि योजना लागू होने के बाद अपने क्षेत्रों में बैठकें कर पात्र लाभार्थियों के पंजीकरण और प्रशासनिक बाधाओं के समाधान की निगरानी करें। 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण अभियान में भाजपा संगठन ने प्रत्येक बूथ पर 20-20 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। दोनों कार्यक्रमों में पीएम नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।

सीएम ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इन आयोजनों को भव्य और जनसहभागिता आधारित बनाने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सीएम ने मंत्रियों से अपने प्रभार वाले जिलों में प्रवास बढ़ाने और संगठन व प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को कहा। साथ ही विकास योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा, लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा कराने तथा शिलान्यास और लोकार्पण कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की समय-सीमा पूरी हो रही है, उनके क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।

मंत्री स्कूलों में अभिभावकों संग करें बैठक

सीएम ने मंत्रियों को स्कूलों में जाकर अभिभावकों के साथ बैठक करने, विद्यार्थियों के रिपोर्ट कार्ड और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ गांवों और कस्बों में विद्यालयों, अस्पतालों तथा अन्य जनसुविधाओं की स्थिति का आकलन करने, महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद बढ़ाने और जल जीवन मिशन के तहत रोड कटिंग से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कोविड काल में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं का उल्लेख करते हुए उनके मानदेय में वृद्धि की आवश्यकता भी जताई।

मतभेद भुलाकर करें एकजुटता से काम : पंकज चौधरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंत्रियों को पार्टी नेतृत्व का संदेश देते हुए कहा कि सभी मतभेद भुलाकर एकजुटता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन और सरकार के समन्वित प्रयासों से जनता तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार भारी बहुमत से सरकार बनाने का लक्ष्य हासिल करेगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें