राज्यपाल राम नाईक ने सेना के इलेक्ट्रानिक्स एंड मकैनिकल इंजीनियर्स कॉर्प्स (ईएमई)के साइकिल दल जय भारत इंडियन अल्ट्रा साइकिलिंग मेम्बर्स को झंडी दिखाकर शुक्रवार को आगे की यात्रा के लिये रवाना किया। साइकिल यात्रा दल में ले. कर्नल विशाल अहलावत, कैप्टल राहुल, पी. महापात्रा, डी. विनय, पीजे अब्राहम, नगारे विनोद, आरएन शर्मा शामिल थे। इस मौके पर पर्यटन एवं महिला कल्याण मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी भी मौजूद थी।
राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार इलेक्ट्रानिक्स एंड मकैनिकल इंजीनियर्स कॉर्प्स की स्थापना के प्लेटिनिम जुबली वर्ष केमौके पर 1 ईएमई सेंटर सिकंदराबाद के साइकिल दल ने 15 अगस्त 2018 से यात्रा शुरू कर 2 दिसंबर 2018 तक 120 दिनों में सात सदस्य एवं 5 सहयोगियों के माध्यम से पूरे देश में 25 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
इस यात्रा में कई नए कीर्तिमान स्थापित किये गए हैं। जिसमें गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज पूर्व-पश्चिम तक सर्वाधिक तेज साईकिल यात्रा 10 दिन 19 घंटे 4 मिनट और लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में दर्ज उत्तर-दक्षिण सर्वाधिक तेज साइकिल यात्रा 14 दिन 4 घंटे में पूर्ण कर नए कीर्तिमान दर्ज किये गए हैं।
इस साइकिल दल का लक्ष्य यात्रा के माध्यम से स्वस्थ, स्वच्छ, हरित, प्रदूषण मुक्त खुशहाल भारत का संदेश देना, देश के प्रति सेना की राष्ट्रीय एवं सामाजिक प्रतिबद्धता है। साइकिल दल का उद्देश्य देश की रक्षा पर प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि देना, युवाओं को सेना में शामिल होकर देश सेवा के लिये प्रेरित करना भी है।