प्रदर्शनी में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक।
लखनऊ। प्रदेश की योगी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार से तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन शुरू हो गए। इस मौके पर संस्कृति विभाग के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। ‘उत्कर्ष के आठ वर्ष’ कार्यक्रम के तहत जुपिटर हॉल में सुरेश कुशवाहा ने अपने गीतों से सरकार की नीतियां लोगों तक पहुंचाईं।
इस दौरान अल्पना मेहरोत्रा और उनकी टीम ने ‘छाप तिलक सब छीनी’ जैसे पारंपरिक गीतों से दर्शकों के लिए माहौल बनाया। इसके बाद नीतेश कुमार की टोली ने जनता की सरकार नाटक से सरकार के आठ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित प्रस्तुति दी। घनश्याम शर्मा और सुमिता श्रीवास्तव ने गीतों से मन मोहा। मुंबई से आए कबीर कैफे बैंड ने इंडी लोक एवं लोक फ्यूजन की धुनों पर लोगों को खूब झुमाया। इस दौरान दर्शक दीर्घा में स्कूली छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
लखनऊ की सात योजनाओं का लोकार्पण व 23 का शिलान्यास
कार्यक्रम में 7.18 करोड़ रुपये की लखनऊ की सात योजनाओं का लोकार्पण और 66.18 करोड़ की 23 योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इसमें महाराजा बिजली पासी किले पर फसाड वाॅल, बुद्धेश्वर महादेव मंदिर स्थित सीताकुंड सहित जनपद के अन्य धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों का पर्यटन विकास कार्य शामिल है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि लखनऊ आने वाले पर्यटकों के लिए अवस्थापना कार्य के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2024-25 तक राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि 155.65 करोड़ रुपये से कुल 58 परियोजनाओं का क्रियान्वयन किया गया। इसके अंतर्गत लखनऊ स्थित शक्तिपीठ चंद्रिका देवी मंदिर और बुद्धेश्वर मंदिर आदि प्रमुख पर्यटन स्थल शामिल हैं।
प्रदर्शनी में लगा मेट्रो का स्टॉल
आयोजन में यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना रहा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसका निरीक्षण किया। उन्होंने लखनऊ, कानपुर व आगरा में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। प्रदर्शनी में यूपी मेट्रो का स्टॉल लखनऊ मेट्रो परियोजना की विशेषताएं बयां कर रहा है। मेट्रो एमडी सुशील कुमार ने प्रदर्शनी की तारीफ की।