उद्यान विभाग में कार्यरत अनिल मेहरोत्रा एक हाथ में बिटिया की शादी का कार्ड और दूसरे हाथ में चुनाव ड्यूटी का मिला पत्र लेकर एडीएम एफआर के कार्यालय पहुंचे।
उनका कहना था कि 20 फरवरी को बिटिया का लगन काफी पहले ही निकल चुका था। इसकी तैयारियों में पूरा परिवार जुटा है 19 को चुनाव ड्यूटी का फरमान कैसे पूरा होगा।
अनिल की तरह ही विधानसभा चुनाव के लिए ड्यूटी की चिट्ठी मिलते ही कई कर्मचारी मंगलवार को दोपहर बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे। किसी के हाथ में शादी का कार्ड था तो किसी के पास डॉक्टर का पर्चा, वहीं कुछ लोग परिवारीजन का एक्स-रे रिपोर्ट लेकर छुट्टी की आस में एडीएम वित्त व राजस्व निधि श्रीवास्तव के कार्यालय पहुंचे।
इनमें पचास फीसदी जहां खुद की या पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता की बीमारी को कारण बता रहे थे तो तीस फीसदी अपनी, पुत्र-पुत्री या करीबी रिश्तेदार का विवाह होने की बात कह रहे थे।