बाराबंकी। जमीन-जायदाद के पंजीयन से जुड़े काम के लिए अब नवाबगंज और रामसनेहीघाट के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। स्टांप एवं न्यायालय शुल्क तथा पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवींद्र जायसवाल ने मंगलवार को दोनों स्थानों पर नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालयों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि योगी सरकार रजिस्ट्री कायार्लयों को पारदर्शी बना रही है। पंजीयन व्यवस्था को सरल और जन सुलभ बनाना सरकार की प्राथमिकता में शामिल है।
शहर के निकट लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर सदर तहसील के नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय का लोकार्पण के बाद मंत्री ने परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों से संवाद भी किया। मंत्री ने कहा कि आधुनिक अवस्थापना सुविधाओं से कार्यालय में आने वाले लोगों को बेहतर माहौल मिलेगा और संपत्तियों के पंजीयन से संबंधित काम अधिक सुगमता व पारदर्शिता से हो सकेंगे। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालयों में आने वाले लोगों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उन्हें समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद राज्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा के साथ रामसनेहीघाट में नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। दोनों मंत्रियों ने कार्यालय भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर जिला पंचायत प्रशासक राजरानी रावत, एमएलसी अंगद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा, व्यापारी नेता रविनन खजांची, प्रदीप जैन आदि मौजूद रहे।