फर्जी कागजात बना बेची सरकारी जमीन, चार गिरफ्तार
लखनऊ। चिनहट पुलिस ने बृहस्पतिवार को फर्जी कागज बनाकर सरकारी जमीन बेचने के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी भरत पाठक के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी चिनहट के मटियारी निवासी रामपाल, शिव कुमार, राकेश यादव व गुड्डन देवी है। मामले में कंचनपुर के मधुराम व मनोज कुमार यादव की तलाश में दबिश दी जा रही है। इनके खिलाफ सहकारी आवास निर्माण एवं वित्त निगम के सहायक लेखाकार राम मूर्ति ने वर्ष 2023 में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपियों ने मटियारी स्थित सरकारी जमीन के फर्जी कागजात तैयार कर छह से ठगी की थी।
तीन प्लॉट के नाम पर युवक से ऐंठे 15 लाख रुपये
लखनऊ। अयोध्या के तरुण निवासी प्रदीप यादव ने तीन प्लॉट के नाम पर 15 लाख रुपये ऐंठने की रिपोर्ट आलमबाग थाने में दर्ज कराई है। 2015 में उनकी मुलाकात आलमबाग में रियल एस्टेट फर्म वामन इंफ्रा बिल्ड प्रा. लि. के निदेशक विजय कुमार से हुई थी। कंपनी में सुधेंदु सरकार, अनुज मल्होत्रा, इंद्र प्रकाश पांडेय व रविंद्र सिंह सलूजा भी निदेशक थे। सभी ने प्रदीप को बंथरा के बेती में तीन प्लॉट दिखाए थे। पसंद आने पर किस्तों में 15 लाख दिए थे। पर उनके नाम रजिस्ट्री नहीं हुई। पीड़ित ने छह के खिलाफ केस दर्ज कराया है।