डीएम व डीजीपी आवास और कैंप कार्यालय का किराया करीब 12 साल से जमा नहीं हुआ है। एलडीए ने इन्हें नोटिस जारी किया है। डीएम आवास पर करीब 1.84 लाख और डीजीपी आवास पर करीब 2.24 लाख रुपये किराया बाकी है।
एलडीए सचिव एमपी सिंह की निर्देश पर ओएसडी व रेंट विभाग के प्रभारी राजीव कुमार ने नोटिस जारी कर दिया। राजीव कुमार ने बताया कि डीजीपी को बटलर कॉलोनी में डालीबाग रोड पर भूखंड-1 पर संपत्ति आवंटित है।
वहीं हजरतगंज स्थित डीएम आवास, जोकि नूर बख्श कोठी में है। एलडीए की संपत्ति है। दोनों को नोटिस जारी किया गया है। अलीगंज में जल निगम कार्यालय पर भी करीब 1.94 बकाया है। एलडीए ने इन्हें भी नोटिस जारी किया है।
इसी तरह यूको बैंक, लालबाग (7.60 लाख), स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर, कपूरथला (0.77 लाख), आवास बंधु, जनपथ (30.06 लाख), खाद्य नियंत्रक संभागीय कार्यालय, कपूरथला (13.09 लाख), यूनाइटेड बैंक ऑफ कॉमर्स, कपूरथला (7.84 लाख), ग्राम्य व नगर नियोजक (3.05 लाख) और सचिवालय जनपथ (2.06 लाख) पर किराया बकाया है। इन्हें भी नोटिस जारी किया गया है।
वहीं जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा का कहना है कि डीएम आवास जिस संपत्ति पर है। वह एलडीए से किराये पर आवंटित ही नहीं है। यह राजस्व विभाग की संपत्ति है। ऐसे में एलडीए को किराया दिए जाने का कोई औचित्य ही नहीं है।