जानकीपुरम में भूखंड आवंटन घोटाले की सीबीआई जांच में दोषी मिले अधिकारी, कर्मचारियों व इंजीनियरों से 1.58 करोड़ के नुकसान की वसूली एलडीए नहीं कर सका है।
एक सेवानिवृत्त संपत्ति अधिकारी से वसूली के लिए संपत्ति या सरकारी खजाने में बकाया ही नहीं मिल रहा है। संपत्तियों के मालिकाना हक को भी यह अधिकारी रिश्तेदारों को दे चुका है।
कुल 16 जिम्मेदारों से ब्याज सहित वसूली न होने पर शासन खफा है। आवास विभाग ने एलडीए से रिपोर्ट मांगी तो अधिकारी आरसी जारी कर कार्रवाई में जुटे हैं।
एलडीए के रिकॉर्ड मुताबिक सीबीआई जांच में जानकीपुरम के सेक्टर एफ व जी में 12 भूखंड में अनुचित तरीके से आवंटन की जानकारी मिली।
हालांकि, घोटाला 100 से अधिक भूखंड का था, जो रिकॉर्ड न मिलने से पकड़ में नहीं आया। सीबीआई रिपोर्ट को आधार बना शासन ने एलडीए से दोषियों से उनकी जिम्मेदारी के अनुपात में वसूली के लिए कहा।
14 विभागीय व दो बाहरी विभागों से आए अधिकारियों से वसूली का आदेश हुआ। विधानसभा की आश्वासन समिति को भी छह साल पहले रिपोर्ट भेजी गई, पर वसूली नहीं हो सकी।
कुछ कर्मचारियों को वसूली से बाहर भी रखा गया। वसूली की मूल राशि 1,57,63,497 रुपये है। इस पर देरी के लिए ब्याज भी लिया जाना है।
पैसा ही नहीं तो वसूली कैसे
सेवानिवृत्त संपत्ति अधिकारी राम प्यारे सिंह से 23.73 लाख रुपये की वसूली होनी थी। सरकारी खजाने में उनका पांच लाख रुपये के करीब ही बकाया है। ऐसा सेवानिवृत्ति के समय इलाहाबाद विकास प्राधिकरण से उनके लाभों का भुगतान कर देने से हुआ। इसे जब्त कर लिए जाने के बाद भी 18.49 लाख की वसूली करानी होगी। अब कोई संपत्ति उनके नाम न होने से अधिकारियों के समझ नहीं आ रहा कि ब्याज सहित 50 लाख रुपये से अधिक की भरपाई कैसे की जाए। वहीं, बर्खास्त संपत्ति अधिकारी रामप्रकाश सिंह से 94 लाख रुपये से अधिक वसूलने हैं।
इनसे की जानी है वसूली
कर्मचारी धनराशि रुपये में
राजनरायन द्विवेदी, योजना सहायक 2,60,014
जेपी गुप्ता, योजना सहायक 38,697
श्याम किशोर गुप्ता, अनुभाग अधिकारी 3,44,957
आरएन सिंह, संयुक्त सचिव 1,73,010
मिश्रीलाल पासवान, संयुक्त सचिव 1,80,333
श्रीपाल वर्मा, संयुक्त सचिव 1,20,860
पूरन सिंह नागर कोटी, ड्राफ्टमैन 3,27,210
ओपी पांडेय, अवर अभियंता 1,33,168
जयदेव वाधवानी, अवर अभियंता 2,14,197
अनिल कुमार जौहरी, अवर अभियंता 42,254
पंकज कपूर, अवर अभियंता 31,446
डीपी सिंह, सहायक अभियंता 4,56,010
डीवी माथूूर, सहायक अभियंता 18,200
केके पांडेय, अधिशासी अभियंता 4,74,210
(विकास प्राधिकरण सेवा के इन कर्मचारियों से 28,15,163 रुपये नुकसान का आकलन हुआ।)
(रामप्रकाश सिंह, अनु सचिव व संपत्ति अधिकारी 94,01,647 रुपये)
(रामप्यारे सिंह , संपत्ति अधिकारी 23,73,623 रुपये)
ये दोनों कर्मचारी दूसरे विभागों से तैनाती पर आए थे।
नहीं होने दिया जाएगा नुकसान
सचिव, एलडीए पवन गंगवार ने बताया कि आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए आरसी जारी कराई जा रही है। पहले से कार्रवाई चल रही है। एलडीए को आर्थिक नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।