राजभवन ने पूछा पीएचडी प्रवेश में देरी का कारण
लविवि में अब तक शुरू नहीं हो सकी है प्रवेश प्रक्रिया
लखनऊ विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया में हो रही देरी का एक बार फिर राजभवन ने संज्ञान लिया है। राजभवन की ओर से इस मामले में समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए विवि प्रशासन से देरी का कारण पूछा गया है। इसके बाद से विवि में हड़कंप की स्थिति है।
विवि में पिछले सत्र में भी पीएचडी प्रवेश को लेकर प्रशासन और शिक्षकों के बीच काफी खींचतान हुई थी, जिसके बाद यह मामला राजभवन पहुंचा था। तत्कालीन राज्यपाल राम नाईक के हस्तक्षेप के बाद विवि प्रशासन ने बीच का रास्ता निकालते हुए प्रवेश किया था। किंतु प्रवेश प्रक्रिया में काफी देरी हो गई थी, जिसका असर नए सत्र 2019-20 की भी प्रवेश प्रक्रिया पर पड़ा। विवि प्रशासन ने नए सत्र में अन्य कोर्सों में तो प्रवेश किए, लेकिन पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया नहीं शुरू की। इसी बीच पीएचडी अध्यादेश में संशोधन व सीटों को लेकर भी कुछ निर्णय होने थे, जिसे लेकर पिछले दिनों प्रति कुलपति प्रो. राजकुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। हाल में उन्होंने कॉलेजों को पत्र भेजकर शिक्षक व खाली सीटों के बारे में जानकारी मांगी थी। प्रो. सिंह ने कहा कि राजभवन ने पीएचडी प्रवेश को लेकर सूचनाएं मांगी हैं। उन्हें प्रवेश की चल रही प्रक्रिया की जानकारी भेजी जा रही है। विवि में भी इससे जुड़ी औपचारिकता जल्द पूरी कर प्रवेश कराए जाएंगे।