फर्जी आधार और पैन कार्ड लगाकर फाइनेंस कराया ट्रैक्टर
लखनऊ। एलएंडटी फाइनेंस कंपनी के सहायक सेल्स मैनेजर आशीष त्रिपाठी ने वास्तुखंड निवासी वंशराज के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर गोमतीनगर थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की है। आरोपी पर फर्जी आधार और पैन कार्ड लगाकर 6.29 लाख का ट्रैक्टर फाइनेंस कराने का आरोप है।
आशीष त्रिपाठी के मुताबिक उनकी कंपनी का दफ्तर हजरतगंज स्थित हलवासिया में है। कंपनी से ओम ट्रैक्टर फर्म पंजीकृत है। 30 अगस्त 2023 को वंशराज का लोन स्वीकृत किया गया था। उसने पहली किस्त के बाद भुगतान नहीं किया। आधार कार्ड पर दिए गए पते पर कंपनी के कर्मी पहुंचे तो पता चला कि वह किराये पर रहता था, जो काफी समय पहले छोड़कर जा चुका है। आरोपी ने पैन कार्ड गोंडा के चौबेपुर निवासी वंशराज का लगाया था। गृहकर की रसीद हसनगंज के डालीगंज निवासी आनंद शंकर शुक्ला के नाम पर थी। दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर उन पर अपनी तस्वीर लगाई थी और ट्रैक्टर का इंजन व चेसिस नंबर भी बिगाड़ दिया था।