पुलिस महकमे के आला अफसरों को हाल ही यह संदेश मिला है कि ज्यादा काबिल बनने की जरूरत नहीं है।
जितना काम है उतना करें। आला अफसरों को यह संदेश पिछले दिनों कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर हुई एक बैठक में मिला।
सूबे के एक उच्च पदस्थ हाकिम ने सत्ता में मजबूत पैठ रखने के लिए चर्चित एक पुलिस अफसर को आड़े हाथ लेकर साफ कह दिया कि जनाब बाकी का काम छोड़ कर कुछ पुलिसिंग भी कर लें।
असल में यह अरसे से महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर अलग-अलग प्रयोग करते चले आ रहे हैं।
लेकिन इस पहुंच वाले अफसर को हाकिम की दो टूक कई संदेश छोड़ गई है।
पहला तो यह कि अधिक काबिल बनने की जरूरत नहीं। दूसरा यह कि हाकिम ऊपर तक मजबूत है और तीसरा यह कि संबंधित पुलिस अफसर जितना जाहिर करते हैं उनकी अब ऊपर उतनी पैठ नहीं रह गई।