नगराम। समेसी स्थित राकश वीर बाबा की तपोस्थली पर मंगलवार को परंपरागत आठों मेला के अवसर पर दंगल का आयोजन किया गया। इसमें रायबरेली, लखनऊ, अयोध्या और उन्नाव समेत दूर दराज जनपदों से आए 36 से अधिक पहलवानों ने दमखम दिखाया। विजेता पहलवानों को सम्मानित किया गया।
दंगल में रायबरेली बछरावां के पहलवान कलाम व उन्नाव के संजय के बीच पहली कुश्ती हुई। इसमें कलाम ने संजय को पटकनी देकर एक हजार का नकद पुरस्कार जीता। गोरखपुर की महिला पहलवान सीमा ने लखनऊ की पुष्पा सिंह को चित कर एक हजार का नकद पुरस्कार अपने नाम किया। फतेहपुर के सरवन को रायबरेली के बीरेंद्र झाबड़ा ने पटकनी दी।
दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित क्षेत्रीय विधायक अमरेश कुमार रावत, कमेटी के पदेन प्रबंधक प्रधान समेसी अशोक कुमार रावत व अतुल यादव, सदस्य जिला पंचायत अमरेंद्र कुमार भारद्वाज, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष अभय सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रदीप सिंह, नागेश्वर द्विवेदी, मोहनलालगंज प्रधान संघ अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, प्रधान कनेरी बृजेश वर्मा सहित काफी संख्या में दर्शक मौजूद थे।